- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- वाराणसी
- वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर साढ़े तीन करोड़ का सोना बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर साढ़े तीन करोड़ का सोना बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी : कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त कार्रवाई में करीब 3.5 करोड़ रुपये मूल्य का अवैध सोना बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
प्रयागराज जोन के पुलिस महानिरीक्षक (रेलवे) एन. कोलांची ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने स्टेशन पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सोना अफ्रीका से बांग्लादेश लाया गया था और वहां से अवैध तरीके से सीमा पार कर पश्चिम बंगाल पहुंचाया गया। इसके बाद आरोपी इसे दिल्ली ले जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को शक है कि इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह सक्रिय हो सकता है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक महाराष्ट्र में पेंटिंग का काम करता है, जबकि दूसरा खुद को छात्र बता रहा है। दोनों डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से पश्चिम बंगाल से वाराणसी होते हुए दिल्ली जा रहे थे।
बरामद सोना आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क (कस्टम) और आयकर विभाग को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
