- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- गोंडा
- गोंडा : डीएम आवास के सामने फायरिंग, AAP नेता के बेटे को गोली; हालत गंभीर
गोंडा : डीएम आवास के सामने फायरिंग, AAP नेता के बेटे को गोली; हालत गंभीर
गोंडा : शहर के वीआईपी इलाके में शुक्रवार देर शाम गोली चलने से सनसनी फैल गई। डीएम आवास के सामने आम आदमी पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष के बेटे को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि गोंडा-लखनऊ हाईवे पर डीएम आवास के पास डाकघर के सामने उन्होंने अपनी कार रोकी। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहस के दौरान किसी को यह कहते सुना गया कि “गाली मत दो, बंदूक हटा लो।” इसी बीच अचानक गोली चल गई और सुजीत कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत एससीपीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गोली चलाने वाला युवक नशे की हालत में लग रहा था। हालांकि विवाद किस वजह से हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
