यूपी पुलिस एसआई परीक्षा को लेकर बलिया प्रशासन अलर्ट

बलिया : 14 और 15 मार्च को होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विकास भवन सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिन केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है, वहां सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें।

यह भी पढ़े - International Women’s Day : बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता से बदल रहा समाज – सीडीओ देवयानी

उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा केंद्रों पर घंटी समय से बजे, इसकी विशेष व्यवस्था की जाए। परीक्षा के दोनों दिनों में सभी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग अनिवार्य रूप से की जाएगी। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को सख्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र से एक किलोमीटर की परिधि में कॉल सेंटर, फोटोकॉपी और साइबर कैफे बंद रखे जाएं, ताकि परीक्षा की शुचिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे अपने आईडी कार्ड अनिवार्य रूप से धारण करें।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल टीम तैनात की जाएगी। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी मेडिकल टीम मौजूद रहेगी। इसके लिए टीम गठित कर संबंधित अधिकारियों को सूची उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और परीक्षा को शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, एडीएम अनिल कुमार, सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.