बलिया में पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई किल्लत नहीं : डीएम

बलिया : जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। यह बात जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर कड़ी नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डीएम ने गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के लिए निर्धारित समय अंतराल की जानकारी दें और यह सुनिश्चित करें कि हाल ही में सिलेंडर बुक कराने वाले उपभोक्ता दोबारा बुकिंग न कर सकें, ताकि किसी प्रकार की कालाबाजारी न हो।

यह भी पढ़े - International Women’s Day : मुश्किल हालात भी नहीं रोक पाए बेटियों के कदम, संघर्ष से लिखीं सफलता की कहानियां

उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि पेट्रोल और डीजल केवल वाहनों में ही दिया जाए। किसी भी प्रकार के ड्रम या कंटेनर में ईंधन देने से बचा जाए, क्योंकि इससे अफवाह फैलने की संभावना रहती है।

बैठक में गैस एजेंसियों से आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली गई, जिस पर बताया गया कि जिले में गैस की सप्लाई सामान्य है। जनपद में कुल 54 गैस एजेंसियां संचालित हैं और सभी स्थानों पर पर्याप्त गैस उपलब्ध है। डीएम ने एजेंसियों को उपभोक्ताओं को मैसेज के माध्यम से गैस की उपलब्धता और कीमत की जानकारी देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी संचालक अपने क्षेत्र के थानाध्यक्ष और एसडीएम के संपर्क में रहें तथा जहां होम डिलीवरी में समस्या हो, वहां प्रशासन और पुलिस की मदद से व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही सुबह के समय अधिक से अधिक होम डिलीवरी करने को कहा गया। कमर्शियल गैस सिलेंडरों में कालाबाजारी और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग से मिड-डे मील के लिए गैस की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली और कहा कि इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि गैस बुकिंग के लिए ‘इंडियन ऑयल वन’ ऐप का उपयोग किया जा सकता है।

नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। किसी भी समस्या की स्थिति में नागरिक 05498-220832 और 05498-220235 नंबरों पर 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.