- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया : निजी अस्पताल में प्रसूता और जुड़वा नवजात की मौत, अस्पताल सील
बलिया : निजी अस्पताल में प्रसूता और जुड़वा नवजात की मौत, अस्पताल सील
बलिया : जिला महिला अस्पताल के पास स्थित एक निजी नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान एक महिला और उसके जुड़वा नवजात शिशुओं की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान दोनों जुड़वा बच्चियों की मौत हो गई। काफी देर तक प्रसूता को होश नहीं आया। पूछने पर डॉक्टरों ने बताया कि 24 से 36 घंटे में होश आ जाएगा। कुछ समय बाद हालत गंभीर बताकर अस्पताल प्रबंधन ने अपनी एंबुलेंस से महिला को मऊ रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजन शव लेकर वापस निजी अस्पताल पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। परिजनों का यह भी आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने मामले को छिपाने की कोशिश की और नवजात बच्चियों के बारे में सही जानकारी नहीं दी। उनका दावा है कि बाद में अस्पताल के बाथरूम में नवजात के शव मिलने पर परिवार के लोग और अधिक आक्रोशित हो गए।
घटना की सूचना पर निजी अस्पतालों के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. योगेंद्र दास और डॉ. अभिषेक मिश्र सहित तीन सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद अस्पताल को सील कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी भीड़ जुटी रही और परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
