- Hindi News
- भारत
- कॉरपोरेट बोर्डरूम से संसद की दहलीज तक : जब कारोबारियों ने राजनीति की राह पकड़ी
कॉरपोरेट बोर्डरूम से संसद की दहलीज तक : जब कारोबारियों ने राजनीति की राह पकड़ी
भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता है। संसद और विधानसभाओं में समाजसेवी, शिक्षक, किसान और कलाकारों के साथ-साथ अब कारोबारी जगत के लोग भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में यह प्रवृत्ति तेजी से बढ़ी है, जिसमें कॉरपोरेट क्षेत्र के कई प्रमुख चेहरे राजनीति में कदम रख चुके हैं।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में कंवर दीप सिंह (के.डी. सिंह) इसका प्रमुख उदाहरण रहे हैं। खेल और कारोबार की दुनिया से पहचान बनाने वाले सिंह ने समाजवादी पार्टी के माध्यम से सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और विधान परिषद सदस्य के रूप में औद्योगिक नीतियों में व्यापारिक दृष्टिकोण को शामिल करने की वकालत की।
राष्ट्रीय स्तर पर उद्योगपति नवीन जिंदल का नाम भी उल्लेखनीय है। जिंदल स्टील एंड पावर से जुड़े जिंदल ने संसद में ऊर्जा और बुनियादी ढांचे जैसे मुद्दों पर सक्रियता से अपनी बात रखी। वहीं तकनीकी क्षेत्र से राजनीति में आए राजीव चंद्रशेखर ने डिजिटल इंडिया, साइबर सुरक्षा और डेटा संप्रभुता जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण योगदान दिया।
क्षेत्रीय राजनीति में भी उद्योग जगत से जुड़े कई चेहरे सक्रिय हुए हैं। अरविंद खन्ना ने उद्योग के अनुभव को उत्तर प्रदेश के विकास से जोड़ा और एमएसएमई क्षेत्र को मजबूती देने की पैरवी की। असम में बदरुद्दीन अजमल ने अपना राजनीतिक दल बनाकर राज्य की राजनीति में प्रभाव स्थापित किया। दक्षिण भारत में के. पंडियाराजन ने कॉरपोरेट अनुभव को शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में उपयोग करने की कोशिश की।
राजनीतिक परिदृश्य में कुछ लोग प्रत्यक्ष चुनावी राजनीति से दूर रहकर रणनीतिक भूमिका भी निभाते हैं। इसी कड़ी में पीआर 24x7 के संस्थापक और राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मिलकराम का नाम भी लिया जाता है, जिन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्षेत्रीय मुद्दों को सामने लाने का प्रयास किया है।
हालांकि कारोबार और राजनीति के इस मेल को लेकर कई सवाल भी उठते हैं। आलोचकों का कहना है कि इससे हितों के टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है और नीतियों पर बड़े उद्योग घरानों का प्रभाव बढ़ सकता है। ऐसे में पारदर्शिता और जवाबदेही को सुनिश्चित करना बेहद जरूरी माना जाता है।
फिर भी समर्थकों का मानना है कि यदि कारोबारी अनुभव और प्रशासनिक जिम्मेदारी का संतुलन सही तरीके से कायम किया जाए, तो इससे निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को गति मिल सकती है।
