- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- विकास भवन का औचक निरीक्षण : अव्यवस्था पर भड़के बलिया डीएम
विकास भवन का औचक निरीक्षण : अव्यवस्था पर भड़के बलिया डीएम
बलिया : जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कार्यालयों में अव्यवस्था, गंदगी और अनावश्यक सामान मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
इसके बाद जिला कृषि कार्यालय का निरीक्षण किया गया, जहां गंदगी और अव्यवस्था देखकर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यालय की नियमित साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए। भंडार कक्ष का निरीक्षण करते हुए फाइलों को व्यवस्थित रखने तथा उनकी सुरक्षा के लिए लोहे की रेलिंग लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा।
जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के निरीक्षण के दौरान दीवारों पर पान की पीक मिलने पर जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाते हुए जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि दीवारों पर पान थूकने वालों से 500 रुपये का जुर्माना वसूला जाए।
जिला पंचायत राज विभाग के कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जानकारी ली कि जिले की 940 ग्राम पंचायतों में कितने पंचायत सहायक नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहते हैं। उन्होंने यहां चार एलईडी स्क्रीन लगाने और पंचायत सहायकों की उपस्थिति की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया।
जिला समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कंप्यूटर कक्ष और आईजीआरएस कक्ष को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने को कहा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि किसी कार्यालय के सामने गंदगी पाई गई तो संबंधित कर्मचारी का वेतन रोक दिया जाएगा।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने विकास भवन में लगे आरओ प्लांट को बाहर स्थानांतरित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीडीओ आनंद प्रकाश, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
