वाराणसी में मल्टीलेवल पार्किंग व शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण, 74.52 करोड़ रुपये की परियोजना

वाराणसी। वाराणसी नगर निगम द्वारा शहर में पार्किंग सुविधा और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 74.52 करोड़ रुपये की लागत से अंडरग्राउंड पार्किंग, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और होटल परियोजना का निर्माण किया जाएगा। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सोमवार को सिगरा और सेनपुरा परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, सिगरा स्टेडियम के पास 40.52 करोड़ रुपये की लागत से ‘जी प्लस-6’ भवन का निर्माण प्रस्तावित है। 2600 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इस भवन में अंडरग्राउंड पार्किंग की सुविधा होगी, जिसमें 56 कार और 22 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इस परियोजना से निगम को प्रतिमाह लगभग 65 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है।

यह भी पढ़े - रत्नेश वर्मा के ऑडिटर पद पर चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल

वहीं, कबीरचौरा रोड स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में 34 करोड़ रुपये की लागत से ढाई एकड़ क्षेत्र में ‘जी प्लस-2’ व्यावसायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से निगम को लगभग 35 लाख रुपये मासिक आय की संभावना है।

नगर निगम ने इन परियोजनाओं के लिए म्युनिसिपल बांड के माध्यम से 50 करोड़ रुपये जुटाए हैं। निगम दुकानों को बाजार दर पर 30 वर्ष की लीज पर देने पर विचार कर रहा है, जिसमें समय-समय पर किराया वृद्धि का प्रावधान रहेगा। दोनों परियोजनाओं से कुल मिलाकर प्रतिमाह एक करोड़ रुपये से अधिक की आय होने का अनुमान है।

अधिकारियों के अनुसार, इससे लगभग 50 महीनों में बांड की राशि की भरपाई हो जाएगी, जबकि बांड की परिपक्वता अवधि सात वर्ष है। सात वर्षों में निगम को करीब 84 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान लगाया गया है।

इस बीच, सिगरा स्थित शहीद उद्यान पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य भी प्रगति पर है। 748.93 लाख रुपये की लागत से लखनऊ की सुदामा कंस्ट्रक्शन एंड बिल्डर्स द्वारा पार्क का कायाकल्प किया जा रहा है। इसे 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.