बाराबंकी में बैंक मैनेजर की पत्नी का शव फंदे से लटका मिला

बाराबंकी। जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में सहकारी बैंक मैनेजर की पत्नी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

पुलिस के अनुसार डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक की सूरतगंज शाखा के प्रबंधक सुरेंद्र सिंह की 35 वर्षीय पत्नी रीमा सिंह का शव पायका मैदान के सामने स्थित एक किराए के मकान में मिला। सोमवार दोपहर स्कूल से लौटे उनके दोनों पुत्रों ने मकान का दरवाजा अंदर से बंद पाया। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया, जहां कमरे में शव लटका मिला।

यह भी पढ़े - बलिया में यूजीसी के नए नियमों का विरोध, अधिवक्ताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

विवाहिता के अपहरण का आरोप, पति ने युवक के खिलाफ दी तहरीर

देवा। थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने एक युवक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार 29 जनवरी की रात महिला घर से नकदी, जेवरात और दस्तावेज लेकर गायब हो गई। पति ने आरोप लगाया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी छतैना गांव निवासी एक युवक उसकी पत्नी से लगातार बातचीत करता था और वही उसे अपने साथ ले गया। शिकायतकर्ता ने धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पांच दिन से लापता अधेड़ का शव नहर में मिला

देवा। घुंघटेर थाना क्षेत्र से लापता एक अधेड़ का शव सोमवार को नहर से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान पिण्डसावां गांव निवासी अलाउद्दीन (50) के रूप में हुई है, जो 27 जनवरी से लापता थे। पुलिस के अनुसार मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था और पूर्व में भी इस तरह की घटना का प्रयास कर चुका था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.