बाराबंकी में महिला किसान नेता की हत्या, खेत में मिला शव

बाराबंकी। भारतीय किसान यूनियन (अवध गुट) महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष की हत्या का मामला सामने आया है। महिला नेता का खून से लथपथ शव सोमवार सुबह नगर कोतवाली क्षेत्र के खजूर गांव के पास नहर किनारे एक खेत में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता कश्यप के रूप में हुई है। शव पर सिर में गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़े - शिक्षा जगत को योगी सरकार की बड़ी सौगात, 30 प्रस्तावों पर कैबिनेट की मुहर

सुनीता कश्यप की ससुराल असंद्रा थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव में है, जबकि वह मूल रूप से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के बाबू का पुरवा गांव की रहने वाली थीं। ग्रामीणों द्वारा शव देखे जाने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

पुलिस ने बताया कि मृतका जिले में किसान नेता के रूप में सक्रिय थीं। उनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविवार रात करीब आठ बजे उनका मोबाइल फोन बंद हो गया था।

पुलिस के अनुसार सुनीता पिछले कुछ वर्षों से ससुराल में स्थायी रूप से नहीं रहती थीं, हालांकि उनका आना-जाना बना रहता था। उनके पति गंगाराम चार बच्चों के साथ हरिद्वार-ऋषिकेश क्षेत्र में रहते हैं। पति ने पुलिस को बताया कि पिछले करीब 10 दिनों से उनकी पत्नी से बातचीत नहीं हुई थी।

सीओ सिटी संगम कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2022 में सुनीता कश्यप ने नगर कोतवाली में कोर्ट के माध्यम से सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अलावा पूर्व में उन्होंने एक व्यक्ति पर चाकू से हमले का मामला भी दर्ज कराया था।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.