सुरहाताल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा: डीएम

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सुरहाताल क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार करने और क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया है।

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की निगरानी के लिए पर्यटन अधिकारी के साथ एक जिला स्तरीय अधिकारी की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन से संबंधित सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

यह भी पढ़े - प्रयागराज में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, चार युवक और चार युवतियां गिरफ्तार

बैठक में लोक निर्माण विभाग की सड़क मार्ग संख्या 107 के अंतर्गत इंदरपुर–पांडेपुर–कुकूह–कोजी होते हुए गड़वार–रतसड़ तक 45.7 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग को कटहल नाला के पास जर्जर बिजली पोलों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हाईटेंशन तारों के कारण किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए त्वरित कदम उठाए जाएं। नौरंगा क्षेत्र में संभावित कटान को लेकर भी चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बाढ़ से पूर्व सभी आवश्यक योजनाएं तैयार कर निर्माण कार्य समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। यूपी सिडको द्वारा राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय, हुसैनाबाद में चल रहे निर्माण कार्य की समीक्षा में बताया गया कि कार्य 77 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। डीएम ने निर्माण में तेजी लाकर समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.