Rampur News: एमए की परीक्षा देने जा रही शिक्षिका की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम

रामपुर: जिले के शाहबाद क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिक्षिका की मौत हो गई। एमए की परीक्षा देने जा रही शिक्षिका को चौधराना मंदिर के पास तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, शाहबाद नगर के मोहल्ला अफगानन निवासी फरीद की पुत्री शोएबा (35) शहीद भगत सिंह गर्ल्स इंटर कॉलेज में शिक्षिका थीं। सोमवार को वह सैफनी में एमए की परीक्षा देने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान शाहबाद-बिलारी मार्ग पर चौधराना मंदिर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

यह भी पढ़े - Rampur News: रामपुर में 12 करोड़ के सोने-चांदी के गहनों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, तेलंगाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई

टक्कर लगने के बाद शोएबा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एंबुलेंस के पहुंचने में देरी होने पर पुलिस ने तत्काल मानवता दिखाते हुए उन्हें अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों की भी अस्पताल और घटनास्थल पर भीड़ जुट गई।

कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि हादसे के बाद ईको चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

परिजनों ने फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने से इंकार किया है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.