- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- रामपुर
- Rampur News: रामपुर में 12 करोड़ के सोने-चांदी के गहनों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, तेलंगाना पुलिस के...
Rampur News: रामपुर में 12 करोड़ के सोने-चांदी के गहनों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, तेलंगाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल निवासी दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बिलासपुर कोतवाली पुलिस, रामपुर एसओजी टीम और साइबराबाद कमिश्नरेट (तेलंगाना) पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
डिबडिबा ओवरब्रिज से हुई गिरफ्तारी
संयुक्त पुलिस टीम ने बिलासपुर थाना क्षेत्र स्थित डिबडिबा नए ओवरब्रिज के पास से कल्पना, विमला और कमल नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। तीनों नेपाल के कैलाली जिले के निवासी बताए गए हैं।
7 किलो सोना और 1.05 किलो चांदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 किलोग्राम सोना, 1.05 किलोग्राम चांदी तथा 33,170 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने के कड़े, चूड़ियां, हार, अंगूठियां, बिस्कुट, सिक्के, मंगलसूत्र, कानों के आभूषण सहित बड़ी मात्रा में कीमती गहने शामिल हैं। इसके अलावा चांदी के आभूषण, मूर्तियां, पायल, ब्रेसलेट, सिक्के और अन्य सामग्री भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये आंकी गई है।
तेलंगाना में दर्ज है मुकदमा
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ साइबराबाद कमिश्नरेट, तेलंगाना के गचीबाउली थाने में मामला दर्ज है। तेलंगाना पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। सूचना मिलने पर रामपुर पुलिस और एसओजी ने संयुक्त अभियान चलाकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
गिरफ्तारी अभियान में बिलासपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह, गचीबाउली थाना के निरीक्षक पी. नरेश, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक मलिक, उपनिरीक्षक योगेश कुमार, योगेश कुमार सिंह, केशू शर्मा सहित एसओजी और स्थानीय पुलिस टीम के कई अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और बरामद आभूषणों के स्रोत तथा पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
