- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, सुरहाताल को बताया जि...
Ballia News : प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, सुरहाताल को बताया जिले की ऐतिहासिक उपलब्धि
बलिया: प्रदेश सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने विकास भवन सभागार में पत्रकार वार्ता कर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनपद में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सुरहाताल (जयप्रकाश नारायण पक्षी विहार) को देश के 100वें रामसर स्थल के रूप में मान्यता मिलना बलिया के लिए गर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे जनपद की जैव विविधता, प्राकृतिक धरोहर और पर्यावरण संरक्षण को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 को इस उपलब्धि को भारत की आर्द्रभूमि संरक्षण प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया था।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले के 5.08 लाख से अधिक किसानों को 1524.72 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 74,992 और शहरी योजना के तहत 21,082 लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 9,610 लाभार्थियों को 14.41 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया है। वहीं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 1,697 उपभोक्ताओं द्वारा 5.50 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्र में 5.05 लाख से अधिक शौचालयों और शहरी क्षेत्र में 14,491 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कराया गया है। मनरेगा के अंतर्गत 1302.98 करोड़ रुपये खर्च कर लाखों मानव दिवस सृजित किए गए हैं। वहीं चयनित 393 अमृत सरोवरों में से 337 का निर्माण पूर्ण हो चुका है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 10.60 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं तथा 1.30 लाख से अधिक लाभार्थियों को 249.35 करोड़ रुपये के उपचार दावों का भुगतान किया गया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 2.24 लाख से अधिक परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और जनधन योजना के माध्यम से लाखों लोगों को आर्थिक सुरक्षा और बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ा गया है। वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत भी पात्र लाभार्थियों को सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनपद में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, पूर्व विधायक उपेंद्र तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष जय प्रकाश शाहू तथा सूचना विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
