- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बाराबंकी
- Ram Mandir Donation Controversy: चढ़ावा मामले पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का विपक्ष पर पलटवार, बाबरी
Ram Mandir Donation Controversy: चढ़ावा मामले पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का विपक्ष पर पलटवार, बाबरी मस्जिद चंदे का भी मांगा हिसाब
बाराबंकी: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा के विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत बाराबंकी पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उठ रहे सवालों पर विपक्ष पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद के नाम पर जुटाए गए चंदे का हिसाब भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश में आम लोगों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है और विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए सनातन आस्था से जुड़े मुद्दों पर आधारहीन बयानबाजी कर रहा है और एक विशेष वोट बैंक को साधने की कोशिश में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था के केंद्र हैं और उनके प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा है। ऐसे विषयों पर राजनीति करने वालों को जनता भली-भांति समझ चुकी है और अब उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने गांवों की समस्याओं को नजदीक से समझा और सत्ता में आने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास को गति दी। इसी कारण आज देश की जनता विकास और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ी है।
