- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- उन्नाव
- Unnao News : बाबा मिलन दास हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक लाख का था इनामी
Unnao News : बाबा मिलन दास हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक लाख का था इनामी
उन्नाव: जिले में संत राम मिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश इजराइल को पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान एक एसओजी कांस्टेबल घायल हो गया, जबकि एक उपनिरीक्षक की जान बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को घेर लिया और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। आरोप है कि इजराइल ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जबकि एसओजी कांस्टेबल विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इजराइल घायल हो गया। उसे तत्काल बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल कांस्टेबल का इलाज जारी है।
मुठभेड़ स्थल से हथियार बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से .315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि बरामद चाकू का इस्तेमाल बाबा मिलन दास की हत्या में किया गया था।
नौ जून को हुई थी संत की हत्या
गौरतलब है कि नौ जून को बांगरमऊ क्षेत्र में निर्माणाधीन मंदिर में संत राम मिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था और लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था।
पुलिस के अनुसार, बाबा मिलन दास लंबे समय से बोधेश्वर मंदिर में सेवा कर रहे थे। करीब छह महीने पहले उन्होंने अपने घर के पास एक नए मंदिर का निर्माण शुरू कराया था और अधिकतर समय वहीं बिताते थे। घटना के दिन भी वह मंदिर परिसर में मौजूद थे, जहां हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया था।
