- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- फिरोजाबाद
- Firozabad News: पूर्व विधायक के बेटे ने पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को भी मारी गोली, दंपति की मौत...
Firozabad News: पूर्व विधायक के बेटे ने पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को भी मारी गोली, दंपति की मौत
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पूर्व विधायक जगदीश सिंह के बेटे राकेश यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पहले पत्नी राममूर्ति को गोली मारी और बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में दोनों की मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद दंपति का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जमीन विवाद और मुकदमे को लेकर थे तनाव में
पुलिस और पारिवारिक सूत्रों के अनुसार राकेश यादव पहले पुलिस विभाग में दरोगा के पद पर तैनात थे, लेकिन बाद में नौकरी छोड़कर सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हो गए थे। उन्होंने जनता दल के टिकट पर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के खिलाफ चुनाव भी लड़ा था।
बताया जा रहा है कि वह आदर्श कृष्ण इंटर कॉलेज के प्रबंधक भी रहे। कॉलेज की कृषि भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले में उनके खिलाफ गबन का मुकदमा भी दर्ज हुआ था। शनिवार को संबंधित मामले की तारीख पर वह अदालत गए थे। परिजनों के मुताबिक कोर्ट से लौटने के बाद वह काफी तनाव में दिखाई दे रहे थे।
पत्नी की बीमारी ने बढ़ाई परेशानी
परिवार के अनुसार राकेश यादव की पत्नी राममूर्ति कैंसर से पीड़ित थीं। उनकी दो विवाहित बेटियां गरिमा और प्रतिमा इन दिनों माता-पिता के साथ रह रही थीं। परिजनों का कहना है कि कानूनी विवाद और पत्नी की बीमारी के कारण राकेश यादव मानसिक रूप से काफी परेशान थे।
बेटी ने लगाए उत्पीड़न के आरोप
मामले में नया मोड़ तब आया जब बड़ी बेटी गरिमा ने परिवार के ही कुछ लोगों, जिनमें राहुल यादव का नाम भी शामिल है, पर पिता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उन्हें इस कदम के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और तहरीर मिलने पर निष्पक्ष जांच की बात कही है।
फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे, अपर पुलिस अधीक्षक अनुज चौधरी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से लाइसेंसी रिवॉल्वर, कारतूस के खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए भेज दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव के चलते पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
