T20 World Cup Final : यूपी में क्रिकेट का जुनून चरम पर, टीम इंडिया की जीत के लिए पूजा-पाठ और मैराथन

लखनऊ/प्रयागराज : टी-20 विश्व कप फाइनल से पहले उत्तर प्रदेश में क्रिकेट का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। भारतीय टीम के लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की उम्मीद में क्रिकेट प्रेमी अलग-अलग तरीकों से टीम इंडिया की जीत की कामना कर रहे हैं। कहीं पूजा-पाठ और हवन किए जा रहे हैं तो कहीं मैराथन दौड़ आयोजित कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया जा रहा है।

टी-20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला रविवार शाम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गत विजेता भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले के लाइव प्रसारण के लिए कई शहरों में मैदानों और सार्वजनिक स्थलों पर विशाल डिजिटल स्क्रीन लगाई गई हैं। वहीं मॉल, रेस्टोरेंट और अन्य स्थानों पर भी मैच देखने के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

यह भी पढ़े - रिश्तेदारी में गया था परिवार, घर के ताले तोड़कर लाखों की चोरी

लखनऊ में ‘रन फॉर इंडिया’ मैराथन

लखनऊ में भारतीय टीम की जीत की कामना के साथ ‘रन फॉर इंडिया’ नाम से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। 1090 चौराहे से शुरू हुई इस दौड़ में युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 3 किलोमीटर की श्रेणियों में आयोजित की गई, जिसके विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।

इसी दौरान विशाल खंड स्थित शिव भोला मंदिर में भारत की जीत के लिए हवन-पूजन भी किया गया।

प्रयागराज और कानपुर में विशेष पूजा

प्रयागराज में क्रिकेट प्रेमियों और साधु-संतों ने भारतीय टीम की जीत के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। गंगा तट स्थित कोटवेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों ने खिलाड़ियों के पोस्टर हाथ में लेकर भगवान शिव से टीम इंडिया की जीत की कामना की।

वहीं कानपुर के परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर में भी भारतीय टीम की जीत के लिए विशेष आरती और पूजा का आयोजन किया गया। कई अन्य स्थानों पर भी हवन-पूजन और प्रार्थनाओं के जरिए टीम इंडिया की जीत की दुआ की गई।

गाजियाबाद से लेकर बलिया तक पूरे प्रदेश में क्रिकेट का जोश साफ दिखाई दे रहा है और फाइनल मुकाबले को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.