- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : कटहल नाला सुंदरीकरण, बाईपास निर्माण और चौराहों के आधुनिकीकरण की तैयारी तेज
Ballia News : कटहल नाला सुंदरीकरण, बाईपास निर्माण और चौराहों के आधुनिकीकरण की तैयारी तेज
बलिया : जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने शनिवार को कटहल नाला सुंदरीकरण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि रामपुर महावल क्षेत्र में लगभग 300 मीटर हिस्से में सिल्ट सफाई, मिट्टी भराई और एप्रोच रोड निर्माण का कार्य जारी है। शेष कार्य को मानसून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
परियोजना के लिए 13 अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे, जिनमें से परमानंदापुर में तीन अतिक्रमण लोगों ने स्वयं हटा लिए हैं। प्रशासन ने शेष अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी है। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन द्वारा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी और खर्च की वसूली के साथ मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है।
बलिया बाईपास निर्माण की प्रक्रिया भी तेज
इस बीच बलिया बाईपास रोड के लिए भूमि क्रय और अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी भी तेज कर दी गई है। अधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग और राजस्व टीम के साथ वैना से बांसडीह रोड तक प्रस्तावित बाईपास मार्ग का निरीक्षण किया।
करीब 17 किलोमीटर लंबे इस बाईपास के लिए शासन द्वारा 75 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। भूमि क्रय की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में करीब 11 किलोमीटर क्षेत्र के 10 गांवों (वैना, दुंदुमा, कटारिया, अलावलपुर, बनरही, गुरवा, कुम्हैला, करनई, आराजी माफी शुक्लपुर और धरहरा) की भूमि का सर्वे कराया जा रहा है, जो 15 मार्च तक पूरा होने की संभावना है।
इसके बाद भूमि दर तय होने पर किसानों से भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू होगी। शेष छह किलोमीटर क्षेत्र के 13 गांवों में दूसरे चरण में सर्वे और वन विभाग की स्वीकृति के बाद प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि बाईपास बनने से शहर में जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।
शहर के 10 प्रमुख चौराहों का होगा आधुनिकीकरण
नगर पालिका बलिया द्वारा शहर के 10 प्रमुख चौराहों के आधुनिकीकरण और सुंदरीकरण की योजना भी बनाई गई है। इसके तहत कलेक्ट्रेट चौराहा, कुंवर चौराहा, चित्तू पांडे चौराहा, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हनुमानगढ़ी मंदिर सहित अन्य चौराहों पर एलईडी स्क्रीन, ट्रैफिक सिग्नल, बुलेट कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जाएंगे।
निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए परिवहन विभाग द्वारा करीब 5 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। अधिकारियों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इस माह के अंत तक कार्य शुरू होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी बलिया, सहायक अभियंता सीएनडीएस तथा राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
