Maharajganj News : पारिवारिक कलह का खौफनाक अंत, पति ने दो बच्चों के साथ लगाई फांसी

महराजगंज : उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांधी नगर मोहल्ले में एक व्यक्ति ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अमरेश कुमार (40) के रूप में हुई है। उनकी पत्नी वंदना (35) 66वीं वाहिनी एसएसबी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं और दोमुहाना घाट बीओपी पर तैनात हैं। परिवार नौतनवा कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले में रहता था।

यह भी पढ़े - बलिया में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पिटाई, हालत गंभीर; तीन आरोपी गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था और अक्सर कहासुनी होती रहती थी। दो दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। शनिवार शाम को वंदना ड्यूटी पर चली गई थीं और रविवार सुबह घर का काम निपटाकर फिर ड्यूटी के लिए निकल गईं।

इसी दौरान सुबह करीब सात बजे मकान के निचले हिस्से में रहने वाले किराएदार को ऊपर से कुछ असामान्य आवाज सुनाई दी। जब वह ऊपर पहुंचा तो कमरे का दृश्य देखकर सन्न रह गया। कमरे में अमरेश कुमार, उनके चार वर्षीय बेटे अमरेंद्र और तीन वर्षीय बेटी कंचन के शव फंदे से लटके हुए मिले।

किराएदार ने तुरंत इस घटना की सूचना वंदना को दी। सूचना मिलते ही वह ड्यूटी छोड़कर घर पहुंचीं और बच्चों के शव देखकर बेसुध हो गईं। आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान कमरे की दीवार पर कुछ लिखावट भी मिली है, जिसमें मृतक ने अपनी पत्नी, उसके पिता और अन्य लोगों पर कुछ आरोप लगाए हैं। पुलिस इस लिखावट और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.