Azamgarh News : ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर कारोबारी से 38 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर चंडीगढ़ के एक कारोबारी से 38 लाख रुपये ठगने के आरोप में चंडीगढ़ पुलिस ने आजमगढ़ के एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार शहर के कुर्मी टोला निवासी स्पर्श सिंह को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर चंडीगढ़ ले जाया गया है।

यह भी पढ़े - बलिया : तीन साल पहले हुई थी सोनम की शादी, होली के दिन फंदे से लटकती मिली लाश

पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी ने चंडीगढ़ के एक कारोबारी को फोन कर खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताया। उसने कारोबारी को कहा कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग में हुआ है और इस मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही है। आरोपी ने गिरफ्तारी का भय दिखाकर पीड़ित को लगातार मानसिक दबाव में रखा।

बताया गया कि आरोपी ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर पीड़ित को वीडियो कॉल और फोन के माध्यम से डराया-धमकाया। गिरफ्तारी और सामाजिक बदनामी के डर से घबराए कारोबारी ने आरोपी के बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 38 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

बाद में ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने चंडीगढ़ के साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद विवेचना अधिकारी गुरविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने बैंक लेन-देन और डिजिटल फुटप्रिंट्स की जांच की, जिससे आरोपी का सुराग आजमगढ़ तक पहुंचा।

चंडीगढ़ पुलिस की टीम आजमगढ़ पहुंची और स्थानीय कोतवाली पुलिस की मदद से दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यवीर सिंह की अदालत में पेश किया गया।

अदालत ने सुनवाई के बाद आरोपी को 10 मार्च तक ट्रांजिट रिमांड पर चंडीगढ़ पुलिस को सौंप दिया। पुलिस टीम आरोपी को लेकर चंडीगढ़ रवाना हो गई है, जहां उससे गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.