Etawah Crime : जीजा ने नाबालिग साली की ईंट से कुचलकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

इटावा : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने अपनी रिश्ते की नाबालिग साली की ईंट से कुचलकर और धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस के अनुसार सैफई थाना क्षेत्र के नगला सुभान गांव निवासी सुनैना (16) कक्षा 11 की छात्रा थी और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि 4 मार्च को होली के दिन उसका रिश्ते का जीजा विजय उसे अपने साथ दिल्ली ले गया था। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आ रही है।

यह भी पढ़े - डीजे की तेज आवाज को लेकर दो पक्षों में मारपीट, कई लोग घायल

परिजनों का आरोप है कि दिल्ली में विजय ने सुनैना से एक मंदिर में शादी कर ली थी और इसकी फोटो व वीडियो भी परिवार को भेजे थे। जब यह जानकारी सुनैना की मां को मिली तो उन्होंने फोन कर उसे घर लौटने के लिए कहा। इसके बाद विजय उसे लेकर वापस इटावा आ गया।

पुलिस के मुताबिक इटावा के कोतवाली क्षेत्र में विजय ने सुनैना के सिर पर ईंट से वार किया और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद कोतवाली पहुंचा और पुलिस को घटना की सूचना दी।

मृतका के पिता रघुराज सिंह ने बताया कि विजय उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और दिल्ली में उससे शादी कर ली थी। बाद में वापस लाकर उसकी हत्या कर दी गई।

मृतका के भाई शिवम ने बताया कि आरोपी विजय पहले भी करीब पांच साल पहले उनकी मौसी की बेटी निशा को भगा कर शादी कर चुका है, जिससे उसका एक बेटा भी है। बताया जा रहा है कि विजय पेशे से हलवाई का काम करता था।

घटना के बाद पुलिस ने शव को डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.