Kanpur News : पेंशनर्स फोरम ने प्रधानमंत्री के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन, उठाईं कई प्रमुख मांगें

कानपुर : सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर पेंशनर्स फोरम ने जिलाधिकारी कानपुर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। फोरम की 15 फरवरी को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुपालन में यह ज्ञापन दिया गया, जिसे मुख्य प्रशासनिक अधिकारी दलजीत सिंह ने प्राप्त किया।

ज्ञापन में फोरम ने मांग की कि आठवें वेतन आयोग के निर्णयों में पेंशनरों को भी शामिल किया जाए, ताकि उन्हें मिलने वाले लाभ से वंचित न होना पड़े। इसके साथ ही 50 प्रतिशत महंगाई भत्ते को वेतन और पेंशन में जोड़ने की मांग भी की गई, जिससे कर्मचारियों और पेंशनरों में व्याप्त असंतोष को दूर किया जा सके।

यह भी पढ़े - मुरादाबाद में नमाज से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, साले पर प्रॉपर्टी विवाद में हत्या का आरोप

फोरम ने सभी पेंशनरों को आयकर से मुक्त करने की मांग की है। साथ ही कोशियारी समिति की सिफारिशों के आधार पर ईपीएस-95 के सेवानिवृत्त कर्मियों को 7500 रुपये मासिक पेंशन और उस पर महंगाई भत्ता देने की मांग भी उठाई गई।

इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को कोरोना काल से पहले रेलवे सहित मिलने वाली सभी रियायतें पुनः बहाल करने का अनुरोध किया गया। फोरम ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, आईआईटी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सीजीएचएस सुविधा देने तथा सभी पेंशनरों को दो वर्ष में एक बार एक सहायक के साथ भारत भ्रमण की सुविधा प्रदान करने की मांग भी रखी।

ज्ञापन में कोरोना काल के दौरान रोके गए 18 महीने के महंगाई राहत भत्ते (डीआर) का भुगतान किस्तों में करने तथा पेंशन राशिकरण की कटौती 15 वर्ष के बजाय 12 वर्ष में समाप्त करने की मांग भी की गई है।

ज्ञापन सौंपने वालों में फोरम के महामंत्री आनंद अवस्थी, अध्यक्ष राजेश शुक्ला, बी.एल. गुलबिया, पी.एस. बाजपेई, सत्य नारायण, भानु प्रकाश निगम, आर.पी. शुक्ल, आर.पी.एस. श्रीवास्तव, एच.एन. तिवारी, विनय प्रकाश उपाध्याय, शिव शंकर, उमेश शुक्ल, रविंद्र कुमार मधुर, आर.पी. वर्मा, मुमताज हुसैन, आनंद सिंह सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.