- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बरेली
- International Women’s Day : शिक्षिका संगीता सिंह ने AI से बदला क्लासरूम का माहौल, दीवारों पर बनाए 3D...
International Women’s Day : शिक्षिका संगीता सिंह ने AI से बदला क्लासरूम का माहौल, दीवारों पर बनाए 3D दृश्य
बरेली : फतेहगंज पश्चिमी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका संगीता सिंह ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर शिक्षण का अनोखा तरीका विकसित किया है। उन्होंने एआई की मदद से कक्षा की दीवारों पर थ्री-डी दृश्य तैयार कर दिए हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई रोचक और आकर्षक बन गई है।
शिक्षिका संगीता सिंह लंबे समय से शिक्षण में नई तकनीकों का प्रयोग कर रही हैं। वह जूम एप के माध्यम से ऑनलाइन पढ़ाई, क्यूआर कोड के जरिए शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने और सूचना एवं संचार तकनीक (ICT) का उपयोग भी करती रही हैं। उनके इन प्रयासों से स्कूल का माहौल बदला है और बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि भी बढ़ी है।
AI से तैयार करती हैं नए लेसन प्लान
संगीता सिंह बच्चों की पढ़ाई को आसान और रोचक बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से लेसन प्लान भी तैयार करती हैं। इससे बच्चों को विषयों को समझने और याद रखने में आसानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में बच्चों को कक्षा में बनाए रखना शिक्षकों के लिए बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में पढ़ाई को रोचक बनाना जरूरी है। उनका मानना है कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है, इसलिए छोटे-छोटे प्रयोगों के जरिए बच्चों को नई तकनीक से परिचित कराया जा रहा है।
उनके इस नवाचार का सकारात्मक प्रभाव बच्चों के शैक्षिक स्तर पर भी दिखाई दे रहा है और छात्र पढ़ाई में अधिक रुचि लेने लगे हैं।
