सपा को बदनाम करने वाले गाने पर दर्ज होगी प्राथमिकी : अखिलेश यादव

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि सपा की छवि खराब करने वाले एक गाने के खिलाफ उनकी पार्टी प्राथमिकी दर्ज कराएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह गाना एक राजनीतिक अभियान के तहत जारी किया गया है।

सपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सपा को बदनाम करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी को बदनाम करने के उद्देश्य से एक गाना जारी किया गया है और इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े - UPSC 2025 Result : 16वीं रैंक हासिल कर मोनिका श्रीवास्तव ने बढ़ाया बलिया का मान

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। पार्टी की छवि खराब करने के लिए एक गाना जारी किया गया है और हम इसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।” उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

संवाददाता सम्मेलन के दौरान अखिलेश यादव ने एक स्क्रीन पर वह गाना भी चलवाया, जिसके बोलों में यह संकेत दिया गया था कि यदि समाजवादी पार्टी दोबारा सत्ता में आती है तो गुंडागर्दी बढ़ सकती है।

हालांकि गाने में भारतीय जनता पार्टी या सरकार से किसी प्रत्यक्ष संबंध का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी फिर भी प्राथमिकी दर्ज कराएगी और यह देखा जाएगा कि गाना बनाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या नहीं।

उन्होंने कहा, “यदि कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि यह काम किसके संरक्षण में हो रहा है।”

गौरतलब है कि भाजपा सांसद तथा भोजपुरी गायक-अभिनेता मनोज तिवारी ने होली के अवसर पर एक गाना जारी किया था, जिसमें सपा और अखिलेश यादव पर कटाक्ष किया गया था। कथित वीडियो में अखिलेश यादव जैसा मास्क पहने एक व्यक्ति भी दिखाया गया था।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पहले अखिलेश यादव ने कहा था कि मनोज तिवारी ने अपना राजनीतिक सफर समाजवादी पार्टी से ही शुरू किया था और चूंकि यह गाना होली से जुड़ा है, इसलिए किसी को बुरा नहीं मानना चाहिए।

इसके बाद समाजवादी पार्टी की ओर से भी मनोज तिवारी जैसा मास्क पहने एक व्यक्ति के साथ एक छोटा वीडियो गाना जारी किया गया, जिसमें उनके राजनीतिक सफर का मजाक उड़ाया गया और आरोप लगाया गया कि उन्हें उनकी पार्टी में किनारे कर दिया गया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.