प्रयागराज में मुठभेड़ में घायल बदमाश की अस्पताल में मौत

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 28 जनवरी को पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश पप्पू सोनकर की इलाज के दौरान बुधवार को एसआरएन अस्पताल में हार्ट अटैक से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 28 जनवरी को यमुनानगर जोन में एसओजी और करछना थाना पुलिस की संयुक्त टीम की लूट के मामलों में वांछित बदमाशों से मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान पप्पू सोनकर और अरविंद सोनकर घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए थे। मुठभेड़ में शामिल अन्य दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।

यह भी पढ़े - भाजपा सरकार शिक्षा को अदाणी के हाथों सौंपना चाहती है: लाल बिहारी यादव

पुलिस ने बताया कि चेकिंग के दौरान हर्रई-बेंदो बॉर्डर पुलिया के पास दो बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा किए जाने पर बाइक गिर गई और आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पप्पू सोनकर और अरविंद सोनकर घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, पप्पू सोनकर पुत्र सहनलाल, निवासी सोहबतिया बाग, थाना जॉर्ज टाउन, के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उसकी गिरफ्तारी से करछना क्षेत्र में चंदन सोनी से सोने-चांदी के आभूषण लूटने और महिला कविता विश्वकर्मा से स्कूटी, चांदी व नकदी लूटने की दो घटनाओं का खुलासा हुआ था।

इलाज के दौरान बुधवार दोपहर पप्पू सोनकर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.