भाजपा सरकार शिक्षा को अदाणी के हाथों सौंपना चाहती है: लाल बिहारी यादव

जौनपुर। सुइथाकला विकासखंड क्षेत्र के श्री राम बहाल पाल इंटर कॉलेज, काजीपुर सराय मोहिउद्दीनपुर का 26वां वार्षिकोत्सव शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष व शिक्षक विधायक लाल बिहारी यादव का माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय नागरिकों के सर्वांगीण विकास का केंद्र होते हैं और शिक्षक राष्ट्र के सच्चे निर्माता हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक व शैक्षिक रूप से पिछड़े वर्ग के बच्चों को शिक्षित कर विद्यालय उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रख रहे हैं।

यह भी पढ़े - Republic Day : गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं, कहा—हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान बना रहा भारत

लाल बिहारी यादव ने कहा कि गांवों में पढ़ने वाले बच्चे ही आगे चलकर प्रशासनिक सेवाओं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे। लक्ष्य पहले तय कर लिया जाए और निरंतर परिश्रम किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने बेटियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार शिक्षा को अदाणी के हाथों सौंपने की तैयारी कर रही है और गरीब वर्ग के बच्चों को शिक्षा से वंचित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि माध्यमिक शिक्षा में 80 प्रतिशत योगदान देने वाले वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय न मिलना सरकार के “सबका साथ, सबका विकास” के नारे पर प्रश्नचिह्न है। उन्होंने एनसीईआरटी की किताबों की अनुपलब्धता पर भी सरकार को घेरा और कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों के अधिकार दिलाने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति जरूरी है।

विशिष्ट अतिथि पूर्व ऊर्जा मंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि शिक्षा ही गरीब, पिछड़े और वंचित वर्ग के बच्चों को सामाजिक भेदभाव से बाहर निकाल सकती है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि बेटियों की तरक्की से दो परिवारों का विकास होता है। सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए शिक्षकों से संस्कारयुक्त शिक्षा देने की अपील की।

कार्यक्रम को डॉ. विकास पाल, पूर्व एमएलसी प्रभावती पाल और सपा नेता त्रिभुवन यादव ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता कैलाश नाथ पाल ने की, जबकि संचालन उप प्रबंधक श्री प्रकाश पाल ने किया। स्वागत भाषण प्रबंधक राम दुलार पाल और धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य जयप्रकाश पाल ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर ठाकुर प्रसाद तिवारी, वित्तविहीन शिक्षक संघ के जिला महामंत्री राजेंद्र प्रसाद पाल, ग्राम प्रधान राम सकल बिंद, राजन यादव, राम सूरत यादव, रामजश बिंद, हरिराम पाल, राजेश कुमार पाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.