मुरादाबाद-रामपुर की दो युवतियों ने साथ रहने का फैसला किया, बयान के बाद एक साथ गईं

मुरादाबाद। मुरादाबाद और रामपुर की दो युवतियों ने एक साथ रहने का निर्णय लिया है। पुलिस और परिजनों द्वारा समझाने के प्रयासों के बावजूद दोनों अपने फैसले पर अडिग रहीं। कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद दोनों युवतियां साथ चली गईं।

पुलिस के अनुसार, भगतपुर क्षेत्र की एक युवती करीब एक वर्ष पहले अपनी बुआ के घर रामपुर जिले के टांडा क्षेत्र गई थी, जहां उसकी मुलाकात पास में रहने वाली दूसरी युवती से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हुई और मोबाइल के माध्यम से बातचीत बढ़ने के साथ नजदीकियां भी बढ़ती गईं।

यह भी पढ़े - बलिया में मां-बेटी से दुष्कर्म का मामला: ट्यूशन शिक्षक को उम्रकैद

31 जनवरी को भगतपुर क्षेत्र की युवती अपने घर से निकल गई, जबकि उसी दिन रामपुर की युवती भी घर से चली गई। दोनों मुरादाबाद में मिलीं और साथ रहने का निर्णय लिया। युवतियों के लापता होने पर परिजनों ने संबंधित थानों में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

रविवार रात दोनों युवतियां बिलारी थाने पहुंचीं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। सोमवार को पुलिस और परिजनों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अलग होने को तैयार नहीं हुईं।

मंगलवार को भगतपुर क्षेत्र की युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसके बयान न्यायालय में दर्ज कराए गए। युवती ने खुद को बालिग बताते हुए अपनी इच्छा से साथ रहने की बात कही। इसके बाद दोनों युवतियां एक साथ चली गईं।

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि युवती के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उसने स्वेच्छा से साथ रहने की इच्छा जताई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.