जालौन में युवक का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

जालौन। जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवक का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। कमरा अंदर से बंद था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कुठौंद कस्बा निवासी अजय (29) पुत्र जमुना प्रसाद के रूप में हुई है। घटना मिहोना रोड स्थित जय मां दुर्गे गेस्ट हाउस के पास की बताई जा रही है। सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

यह भी पढ़े - बलिया में 11 जनवरी से लापता युवक का शव बरामद, इलाके में हड़कंप

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

परिजनों के अनुसार अजय मजदूरी करता था और शराब का आदी था। वह शादीशुदा था और अपने पीछे पत्नी तथा दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है। घटना से परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.