- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- मुजफ्फरनगर
- Muzaffarnagar Crime News: मंदिर परिसर में शराब पीने का विरोध करना पुजारी को पड़ा भारी, पीट-पीटकर हत्...
Muzaffarnagar Crime News: मंदिर परिसर में शराब पीने का विरोध करना पुजारी को पड़ा भारी, पीट-पीटकर हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में मंदिर परिसर में शराब पीने का विरोध करना एक पुजारी को भारी पड़ गया। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के बेगराजपुर गांव में दो युवकों ने कथित तौर पर पुजारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रूपाली राव ने बताया कि घटना के संबंध में प्राप्त शिकायत के आधार पर अनिकेत (22) और अरुण (23) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, जिस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
