Fatehpur News: प्रेम विवाह से नाराज भाई ने बहन की हत्या कर शव कुएं में फेंका, आरोपी गिरफ्तार

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थरियांव थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी बहन की हत्या कर उसका शव जंगल स्थित एक कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने शव बरामद कर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शनिवार सुबह हसवा गांव के जंगल में स्थित एक कुएं में युवती का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थरियांव और खागा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच के दौरान युवती की पहचान होने के बाद पुलिस उसके परिजनों तक पहुंची और संदेह के आधार पर उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी बहन कुछ दिन पहले अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी और दोनों ने शादी कर ली थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी भाई बहन को घर वापस लाने के बहाने अपने साथ ले गया और रास्ते में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को जंगल में स्थित कुएं में फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी गुजरात में काम करता था और दो दिन पहले ही अपने घर आया था। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार होने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.