- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- UP Anganwadi Bharti: उत्तर प्रदेश में 65 हजार से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की होगी भर्त...
UP Anganwadi Bharti: उत्तर प्रदेश में 65 हजार से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की होगी भर्ती, सीएम योगी का बड़ा ऐलान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की महिलाओं और युवाओं को रोजगार का बड़ा अवसर देते हुए आंगनवाड़ी विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में इस वर्ष 5 हजार से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और 60 हजार से अधिक सहायिकाओं की नियुक्ति की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और चयन पूरी पारदर्शिता एवं मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
3 लाख से अधिक आंगनवाड़ी कर्मियों को मिलेगा 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर
इसके अलावा उन्हें प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से भी जोड़ा गया है, जिससे उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा का लाभ मिल सकेगा।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान सरकार ने भर्ती और योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि अब किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है और सभी नियुक्तियां पात्रता एवं योग्यता के आधार पर की जा रही हैं।
स्मार्ट बनेंगी आंगनवाड़ियां
प्रदेश सरकार आंगनवाड़ी केंद्रों के डिजिटलीकरण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इसके तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे बच्चों और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं की जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज की जा सकेगी तथा योजनाओं की निगरानी अधिक प्रभावी होगी।
नई शिक्षा नीति के तहत बढ़ेगी भूमिका
नई शिक्षा नीति (NEP) के अंतर्गत 3 से 5 वर्ष तक के बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका और मजबूत होगी। इसके लिए प्राथमिक शिक्षा विभाग के लगभग 27 हजार केंद्रों को आंगनवाड़ी नेटवर्क के साथ जोड़ा जाएगा, ताकि बच्चों को बेहतर प्रारंभिक शिक्षा और पोषण सुविधाएं मिल सकें।
नए आधुनिक केंद्रों का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में लगभग 137 करोड़ रुपये की लागत से नए आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान करीब 313 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।
कोविड काल में सेवाओं की सराहना
सीएम योगी ने कोरोना महामारी के दौरान आंगनवाड़ी, आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि इन फ्रंटलाइन वर्कर्स ने कठिन परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना समाज की सेवा की और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
