Ballia News : राजस्व वसूली में लापरवाही पर डीएम सख्त, कई अधिकारियों को जारी होंगे नोटिस

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की वसूली प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह न होने पर संबंधित अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया।

समीक्षा के दौरान नगर पालिका परिषद बलिया में राजस्व वसूली की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और अधिशासी अधिकारी (ईओ) को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका बांसडीह में कम वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए दो माह के भीतर सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़े - Ballia : पुलिस मुठभेड़ में बिजली तार चोरी गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार, एक बदमाश के पैर में लगी गोली

विद्युत विभाग के चारों खंडों में राजस्व वसूली की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सभी संबंधित अधिशासी अभियंताओं (एक्सईएन) एवं अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा मंडी समिति बलिया में लापरवाही पाए जाने पर मंडी चेयरमैन से स्पष्टीकरण मांगा गया। मंडी समिति बेल्थरा रोड की खराब प्रगति पर संबंधित मंडी सदस्य को चेतावनी नोटिस जारी करने तथा मंडी समिति रसड़ा को राजस्व वसूली में सुधार के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों के राजस्व वसूली लक्ष्य को इसी माह में हर हाल में पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को बरसात के मौसम को देखते हुए नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में नालों की समय से सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या से आमजन को राहत मिल सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन सहित सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.