Azamgarh News : अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी मामले में बोले सीएम योगी, कहा- ‘बेटी तो बेटी होती है’

आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आजमगढ़ दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणियों को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेटियों के सम्मान से जुड़ी किसी भी तरह की अभद्र भाषा या टिप्पणी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे ही यह मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तत्काल पुलिस को एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। भारतीय संस्कृति और संस्कारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “बेटी तो बेटी होती है। हम उस परंपरा में पले-बढ़े हैं, जहां गांव की बेटी पूरे गांव की बेटी और गांव की बहन सबकी बहन मानी जाती है। विकास और सुरक्षा के मामलों में हमने कभी कोई भेदभाव नहीं किया है।”

अखिलेश यादव को दी नसीहत

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों को नसीहत देने से पहले अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को भी भाषा की मर्यादा और संस्कार सिखाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, “अच्छा होगा कि अखिलेश जी अपने चेले-चपाटों को समझा लें। यदि वे उन्हें नहीं समझा पा रहे हैं, तो उन्हें हमारे हवाले कर दें, हम उन्हें अच्छी तरह समझा देंगे।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी की बेटी, बहन, बुजुर्गों, दिवंगत हस्तियों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से सामाजिक मर्यादा और सभ्य भाषा बनाए रखने की अपील की।

सीएम योगी के इस बयान को महिला सम्मान और सुरक्षा के प्रति सरकार की सख्त नीति के रूप में देखा जा रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.