- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- UP News: यूपी के 1.5 लाख युवाओं को मिलेगी फाइनेंशियल स्किल्स की ट्रेनिंग, एनएसई से हुआ समझौता
UP News: यूपी के 1.5 लाख युवाओं को मिलेगी फाइनेंशियल स्किल्स की ट्रेनिंग, एनएसई से हुआ समझौता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं को अब रोजगारपरक कौशल के साथ-साथ वित्तीय प्रबंधन की भी ट्रेनिंग दी जाएगी। इस दिशा में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत प्रदेश के 1.5 लाख से अधिक युवाओं को वित्तीय साक्षरता और निवेश संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को सिर्फ रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर नागरिक बनाना भी है।
अगले सप्ताह से शुरू होगा विशेष प्रशिक्षण
यूपीएसडीएम और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY) के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को अगले सप्ताह से फाइनेंशियल स्किलिंग की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को बेहतर वित्तीय निर्णय लेने में सक्षम बनाना और उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा फर्जी निवेश योजनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
मिशन मुख्यालय में हुई वित्तीय जागरूकता कार्यशाला
एमओयू हस्ताक्षर से पहले मिशन मुख्यालय में वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वित्तीय प्रबंधन के मूल सिद्धांतों की जानकारी दी गई।
एनएसई के विशेषज्ञों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बचत, निवेश, जोखिम प्रबंधन, बीमा, टैक्स प्लानिंग और दीर्घकालिक आर्थिक लक्ष्यों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी साझा की।
‘सारथी एप’ की दी गई जानकारी
कार्यशाला के दौरान एनएसई के डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘सारथी एप’ की भी जानकारी दी गई। यह एप निवेश शिक्षा, वित्तीय योजना, विभिन्न कैलकुलेटर और वित्तीय स्वास्थ्य मूल्यांकन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है।
यह पहल उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के साथ-साथ वित्तीय रूप से सशक्त और जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
