यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा : लखनऊ के 55 केंद्रों पर 1.35 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 1626 पुलिसकर्मी तैनात

लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर राजधानी लखनऊ में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 8, 9 और 10 जून को होने वाली परीक्षा के लिए शहर के 55 परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,35,936 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर के अनुसार परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 22,656 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

यह भी पढ़े - विनीत राय हत्याकांड : एक लाख का इनामी आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, स्वाट प्रभारी घायल

परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने 1626 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। इनमें 55 निरीक्षक, 255 उपनिरीक्षक, 300 मुख्य आरक्षी, 600 आरक्षी और 300 महिला आरक्षी शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त जनपदीय कंट्रोल रूम में एक एसीपी, एक उपनिरीक्षक और चार आरक्षियों की विशेष तैनाती की गई है। वहीं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ 110 पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया है।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर नोडल पुलिस अधिकारी, केंद्र प्रभारी पुलिस अधिकारी और कंट्रोल रूम प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। अभ्यर्थियों की जांच और फिस्किंग के लिए प्रत्येक 240 अभ्यर्थियों पर एक उपनिरीक्षक, एक मुख्य आरक्षी, दो आरक्षी, एक महिला आरक्षी और एक एलआईयू कर्मी की तैनाती की गई है।

पुलिस कमिश्नर ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें और परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता न होने पाए।

प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.