- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- दिल्ली अग्निकांड के बाद बलिया में बड़ी कार्रवाई, अवैध महावीर लॉज सील; होटल संचालकों में हड़कंप
दिल्ली अग्निकांड के बाद बलिया में बड़ी कार्रवाई, अवैध महावीर लॉज सील; होटल संचालकों में हड़कंप
बलिया : दिल्ली में हुए अग्निकांड से सबक लेते हुए जिला प्रशासन ने रविवार को शहर में अवैध रूप से संचालित होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन, मालगोदाम रोड, वैशाली रोड और धर्मशाला रोड क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान जांच के दायरे में आए चार अन्य गेस्ट हाउस संचालकों को आवश्यक अभिलेख एवं सुरक्षा मानक दुरुस्त करने के लिए 10 दिनों का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में कमियां दूर न करने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक जांच में यह भी सामने आया कि शहर में संचालित 49 होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में से केवल 19 ही 'सराय एक्ट' के तहत पंजीकृत हैं, जबकि शेष प्रतिष्ठान बिना वैध पंजीकरण के संचालित किए जा रहे हैं।
प्रशासन की कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई होटल और लॉज संचालकों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कुछ संचालक अपने प्रतिष्ठानों में ताला लगाकर मौके से फरार हो गए।
सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले और बिना वैध अनुमति के संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह का अभियान चलाकर अवैध होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों की जांच की जाएगी।
