पूर्वांचल का कुख्यात बदमाश भानु प्रताप एसटीएफ मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल

अयोध्या : पूर्वांचल के कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अयोध्या में हुई मुठभेड़ में मार गिराया। भानु प्रताप पर विभिन्न जनपदों की पुलिस द्वारा कुल 1.90 लाख रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी समेत करीब 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ अयोध्या जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अहमदपुर घाट तिराहे के पास हुई। एसटीएफ प्रयागराज यूनिट को भानु प्रताप की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक जे.पी. राय के नेतृत्व में टीम ने इलाके में घेराबंदी की।

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध को रोकने का प्रयास किए जाने पर उसने एसटीएफ टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में भानु प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भानु प्रताप सिंह गोरखपुर जिले के बेलाघाट थाना क्षेत्र के बिखनीपुर गांव का निवासी था। उस पर आजमगढ़ पुलिस द्वारा 1 लाख रुपये, अंबेडकरनगर पुलिस द्वारा 50 हजार रुपये, गोरखपुर पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये और बस्ती पुलिस द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस का दावा है कि भानु प्रताप लंबे समय से सुपारी लेकर हत्या करने जैसे संगीन अपराधों में शामिल था। मुठभेड़ के बाद उसके पास से अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से मिले हथियारों और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.