- Hindi News
- भारत
- प्रेमिका के साथ जा रहे पति की कार से वाइपर पकड़कर लटकी पत्नी, 100 मीटर तक घिसटने का आरोप
प्रेमिका के साथ जा रहे पति की कार से वाइपर पकड़कर लटकी पत्नी, 100 मीटर तक घिसटने का आरोप
भमोरा : क्षेत्र के देवचरा-बलिया रोड पर शनिवार शाम पति, पत्नी और कथित प्रेमिका के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि पति अपनी महिला मित्र के साथ कार से जा रहा था, तभी पत्नी ने कार रोकने की कोशिश की। कार न रुकने पर वह वाइपर पकड़कर लटक गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई।
गोदावरी का आरोप है कि पति को दूसरी महिला के साथ देखकर उसने कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। फूल मंडी के पास स्पीड ब्रेकर पर कार की रफ्तार धीमी होने पर वह कार के वाइपर को पकड़कर लटक गई। इसके बावजूद कार की गति बढ़ा दी गई, जिससे वह करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई।
राहगीरों ने रुकवाई कार, हुआ हंगामा
महिला को कार के साथ घिसटता देख राहगीरों और ग्रामीणों ने बाइक लगाकर कार को रुकवा लिया। आरोप है कि कार रुकने के बाद भी चालक द्वारा वाहन आगे बढ़ाने की कोशिश की गई, जिससे आक्रोशित लोगों ने कार का शीशा तोड़ दिया और चालक की पिटाई कर दी।
इसी दौरान गोदावरी और कार में मौजूद महिला के बीच भी कहासुनी और हाथापाई हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पंचायत सहायक ने आरोपों को बताया गलत
वहीं पंचायत सहायक साधना ने आरोपों को निराधार बताया है। थाने पहुंचकर उसने कहा कि वह ब्लॉक कार्यालय से घर लौट रही थी और रास्ते में गांव निवासी नेत्रपाल मिल गए थे। वह उनकी कार में बैठकर आ रही थी। देवचरा चौराहे पर नेत्रपाल की पत्नी ने बिना वजह आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की। हालांकि साधना ने इस संबंध में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
भमोरा थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि गोदावरी की तहरीर के आधार पर उसके पति नेत्रपाल और साधना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
