Bihar News : सोन नहर में गिरी सफारी, चार की मौत; एक घायल

अरवल (बिहार) : जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक सफारी वाहन अनियंत्रित होकर सोन नहर में जा गिरा। सभी लोग पटना से अरवल आए थे और स्थानीय विधायक से मुलाकात के बाद वापस लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र स्थित अमहारा गांव से पांच लोग सफारी वाहन से अरवल पहुंचे थे। वापसी के दौरान एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे सफारी सीधे सोन नहर में जा गिरी।

यह भी पढ़े - बांका में सर्वे अमीन 8,500 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक किसी तरह वाहन का शीशा तोड़कर बाहर निकलने में सफल रहा और शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

हादसे में रिशांक कुमार (अमहारा), अमन कुमार (कंकड़बाग), मनोज कुमार (बघाकोल) तथा एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रोहित कुमार निवासी अमहारा को स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोरों की टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रात का समय होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन और नहर से वाहन निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.