- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- कोर्ट के आदेश पर दो दरोगाओं समेत पांच पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज
कोर्ट के आदेश पर दो दरोगाओं समेत पांच पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज
बलिया : न्यायालय के आदेश पर बैरिया थाने में तैनात दो उप निरीक्षकों समेत पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई बैरिया थाना क्षेत्र के तिवारी के मिल्की निवासी महेश कुमार ओझा की शिकायत पर की गई है।
महेश का आरोप है कि जांच के बाद उनके खिलाफ प्रतिकूल रिपोर्ट लगा दी गई। शिकायत के संबंध में आपत्ति दर्ज कराने के लिए जब वह 3 नवंबर 2025 को बैरिया थाने पहुंचे, तो वहां मौजूद उप निरीक्षक प्रभाकर शुक्ला, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार, दीवान जय किसुन पाल, आरक्षी रिपुंजय और धर्मेंद्र ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
पीड़ित का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज की, सार्वजनिक रूप से अपमानित किया तथा फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की शिकायत न करने की चेतावनी भी दी गई।
महेश कुमार ओझा ने पहले मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) बलिया के आदेश पर शनिवार को बैरिया थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 और 351(3) के तहत पांचों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि वादी द्वारा न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की विवेचना की जा रही है।
