यूपी में LPG-पेट्रोल की कमी नहीं, अफवाहों से बचें : प्रमुख सचिव

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की किल्लत से जुड़ी अफवाहों को खारिज करते हुए कहा है कि प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है। खाद्य एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद ने लोगों से घबराहट में खरीदारी (पैनिक बाइंग) न करने की अपील की है।

प्रमुख सचिव ने बताया कि प्रदेश में घरेलू जरूरत के मुकाबले एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार मौजूद है और इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बॉटलिंग प्लांट लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपूर्ति शृंखला पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

यह भी पढ़े - Barabanki News : मिथुन हत्याकांड के छह आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार को 8000 किलोलीटर (करीब 80 लाख लीटर) केरोसिन का आवंटन प्राप्त हुआ है, जिसे जिलों में मांग के अनुसार वितरित किया जाएगा। पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त बफर स्टॉक ऑयल डिपो और पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध है।

प्रमुख सचिव ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि एलपीजी सिलेंडरों की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। सिलेंडर वितरण ओटीपी आधारित प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और कालाबाजारी पर रोक लग सके।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी एजेंसी द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जाता पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य जरूरत के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.