Barabanki News : मिथुन हत्याकांड के छह आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर

बाराबंकी : दो दिन पहले हुए मिथुन हत्याकांड के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सोमवार को हत्या के छह आरोपियों के घर बुलडोजर से ढहा दिए। यह कार्रवाई प्रशासनिक अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। बताया जा रहा है कि ये मकान ग्राम समाज की जमीन पर अवैध रूप से बने हुए थे।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात लखनऊ के महिगवां थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरवा मजरे सुभाषनगर निवासी मिथुन रावत (22) की नृशंस हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

यह भी पढ़े - बलिया में भीषण सड़क हादसे : तीन युवकों की मौत, चार गंभीर घायल

सोमवार दोपहर ग्राम दुर्रीपुरवा में जेसीबी मशीन से एक-एक कर छह कच्चे मकानों को गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात रही। इस दौरान गांव में काफी संख्या में लोग भी मौजूद रहे।

यह कार्रवाई एसडीएम कार्तिकेय सिंह के निर्देश पर की गई। मौके पर नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय, कानूनगो कैलाश बहादुर, लेखपाल सर्वेश कुमार, प्रिंस शर्मा, अरविंद वर्मा, क्षितिज तिवारी तथा कुर्सी थाना प्रभारी कृष्णकांत सिंह पुलिस बल और पीएसी के साथ मौजूद रहे।

बताया जाता है कि रविवार को कुर्सी विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा मृतक मिथुन के घर पहुंचे थे और परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया था। इसके अगले ही दिन आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई।

प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश बना हत्या का कारण

पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग दोनों वजहें सामने आई हैं। वर्ष 2019 में जमीन विवाद को लेकर मृतक के परिवार ने कुछ आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपियों द्वारा इस मामले में समझौते का दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन बात नहीं बनी।

इसी दौरान मृतक मिथुन का आरोपियों के परिवार की एक लड़की से प्रेम प्रसंग भी शुरू हो गया, जिससे विवाद और बढ़ गया। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश में दस लोगों ने मिलकर मिथुन की हत्या कर दी।

मामले में इरफान उर्फ अघोरी, रिजवान, अरबाज, जावेद, अरमान और अयान सहित कई आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा मोहम्मद आमिर और एक नाबालिग को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

सीओ फतेहपुर जगतराम कनौजिया ने बताया कि अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.