यूपी पंचायत चुनाव : बैलेट पेपर की छपाई जारी, लेकिन चुनाव की तारीख तय नहीं

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन जिलों में बैलेट पेपर की छपाई का कार्य जारी है। विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र तैयार किए जा रहे हैं।

निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ग्राम प्रधान पद के लिए हरे रंग का मतपत्र, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के लिए नीले और जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र छपवाया जा रहा है।

यह भी पढ़े - Ballia News : उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

हालांकि चुनाव की प्रक्रिया में देरी की संभावना जताई जा रही है। इसकी मुख्य वजह समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का अभी तक गठन न होना बताया जा रहा है। पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान समेत विभिन्न पदों पर आरक्षण तय करने के लिए इस आयोग की रिपोर्ट जरूरी होती है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यदि आयोग का गठन अभी भी किया जाता है तो उसे अपनी रिपोर्ट देने में करीब तीन महीने का समय लग सकता है। ऐसे में तय समय पर चुनाव कराना मुश्किल हो सकता है।

ग्राम पंचायत प्रधानों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। इसके अलावा क्षेत्र पंचायत प्रमुखों का कार्यकाल 19 जुलाई और जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल 11 जुलाई 2026 को समाप्त होगा। नियमों के अनुसार कार्यकाल समाप्त होने के बाद छह महीने के भीतर चुनाव कराए जा सकते हैं। यदि समय पर चुनाव नहीं हुए तो पंचायतों में प्रशासक नियुक्त किए जा सकते हैं।

इस बीच पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची अब 15 अप्रैल को जारी होगी। पहले इसे 28 मार्च को जारी किया जाना था। मतदाता सूची जारी होने की तारीख बढ़ने के बाद चुनाव में देरी की अटकलें भी तेज हो गई हैं।

हालांकि पंचायती राज विभाग और सरकार की ओर से बार-बार कहा जा रहा है कि पंचायत चुनाव समय पर कराने का प्रयास किया जा रहा है। मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी मीडिया से बातचीत में कहा है कि पंचायत चुनाव निर्धारित समय के भीतर कराने की कोशिश जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.