एण्डटीवी के शोज़ में आएगा कॉमेडी और ड्रामा का नया ट्विस्ट

मुंबई : एण्डटीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ‘भाबीजी घर पर हैं’ और ‘घरवाली पेड़वाली’ के आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को इस सप्ताह हंसी, गलतफहमियों और दिलचस्प ड्रामे से भरपूर कहानी देखने को मिलेगी।

‘घरवाली पेड़वाली’ में कहानी तब नया मोड़ लेती है, जब सावी जीतू का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए प्रेगनेंसी का झूठा नाटक करती है। सावी का किरदार निभा रही सीरत कपूर ने बताया कि जीतू उसकी बात पर भरोसा करते हुए उसकी खास देखभाल करने लगता है, जिससे लतिका असहज हो जाती है। हालांकि मामला तब पलट जाता है जब सावी अकेले में अपने इस पूरे प्लान का खुलासा कर देती है और जीतू दरवाजे के बाहर खड़े होकर सब सुन लेता है। इसके बाद कहानी में नया टकराव शुरू होता है और अब देखना होगा कि क्या लतिका जीतू का भरोसा फिर से जीत पाएगी या सावी कोई नई चाल चलेगी।

यह भी पढ़े - Entertainment News : ‘घरवाली पेड़वाली’ में लतिका के ग्लैमरस देसी लुक्स से दर्शकों को आकर्षित कर रहीं प्रियंवदा कांत

वहीं ‘भाबीजी घर पर हैं’ में एक मजेदार घटनाक्रम देखने को मिलेगा। अंगूरी भाबी का किरदार निभा रही शिल्पा शिंदे के अनुसार विभूति तिवारी के रिजॉर्ट में बिना पैसे खर्च किए ठहरने के लिए ‘स्वीटू’ नाम के व्यक्ति का भेष बना लेता है। इसी बीच अंगूरी को बैडमिंटन सीखने का शौक हो जाता है और स्वीटू बने विभूति उसे कोचिंग देने का प्रस्ताव दे देता है।

प्रैक्टिस के दौरान विभूति अंगूरी से हर अच्छे शॉट के बाद ‘आई लव स्वीटू गुरुजी’ कहलवाता है, जिससे कई हास्यास्पद स्थितियां बनती हैं। भोलेपन में अंगूरी तिवारी से पैसे लेकर स्वीटू को कोचिंग फीस भी दे देती है। हालांकि एक दिन जब अंगूरी स्वीटू के कमरे पर पहुंचती है और दरवाजा नहीं खुलता तो उसे शक होने लगता है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या अंगूरी को स्वीटू की असली पहचान पता चल जाएगी या फिर विभूति इस बार भी अपनी चाल में कामयाब हो जाएगा।

दर्शक ‘घरवाली पेड़वाली’ को रात 10 बजे और ‘भाबीजी घर पर हैं’ को रात 10:30 बजे, सोमवार से शुक्रवार एण्डटीवी पर देख सकते हैं। इसके सभी एपिसोड हिंदी ज़ी5 पर भी उपलब्ध हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.