Ballia News : उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

बलिया : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो पालियों में कराई जाएगी। परीक्षा जनपद के 15 केंद्रों पर आयोजित होगी।

परीक्षा का पहला सत्र सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी।

यह भी पढ़े - दो बाइकों की टक्कर में तीन युवक घायल

परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को सकुशल और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराएं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास 10 से 12 एंबुलेंस तैनात रखी जाएं। साथ ही नोडल, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर लें तथा वहां तक पहुंचने की दूरी और समय का भी परीक्षण कर लें।

उन्होंने सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट को 12 मार्च तक परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश और निकास के लिए एक ही गेट हो तथा उस पर भी सीसीटीवी कैमरा लगा होना चाहिए।

इसके अलावा प्रत्येक केंद्र पर स्टोर रूम की व्यवस्था, जहां परीक्षार्थियों के मोबाइल और घड़ी सुरक्षित रखे जा सकें, सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही शौचालयों की साफ-सफाई, बिजली, पंखे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में घड़ी लगाने के लिए भी कहा गया।

डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के एक किलोमीटर के दायरे में स्थित साइबर कैफे और फोटोस्टेट की दुकानें 14 और 15 मार्च को बंद रखी जाएं, ताकि परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता बनी रहे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एडीएम अनिल कुमार, सभी स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.