अपना दल (एस) ने मनाई बाबू शिवदयाल चौरसिया की जयंती, विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम

लखनऊ : महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू शिवदयाल चौरसिया की जयंती के अवसर पर अपना दल (एस) की ओर से हिंदी भाषी राज्यों में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के निर्देश तथा राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित किए गए।

लखनऊ स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबू शिवदयाल चौरसिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। वहीं इंदौर कार्यालय में राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम के मार्गदर्शन में तथा सतना में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष युवा मंच मान सिंह बिसेन की अध्यक्षता में माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह भी पढ़े - International Women’s Day : मुश्किल हालात भी नहीं रोक पाए बेटियों के कदम, संघर्ष से लिखीं सफलता की कहानियां

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव आर.बी. सिंह पटेल ने कहा कि बाबू शिवदयाल चौरसिया का जीवन देशभक्ति, संघर्ष और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के विचार आज भी समाज को राष्ट्र निर्माण और सेवा के लिए प्रेरित करते हैं तथा उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।

इंदौर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष की बदौलत ही देश को आजादी मिली है। उन्होंने कहा कि बाबू शिवदयाल चौरसिया जैसे महान सेनानियों का जीवन राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

वहीं सतना में आयोजित कार्यक्रम में मान सिंह बिसेन ने कहा कि बाबू शिवदयाल चौरसिया का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और नई पीढ़ी को उनके संघर्ष तथा राष्ट्रभक्ति से सीख लेनी चाहिए।

इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.