- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- सड़कों पर नमाज की इजाजत नहीं, कानून सबके लिए समान : सीएम योगी
सड़कों पर नमाज की इजाजत नहीं, कानून सबके लिए समान : सीएम योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नियम सभी पर समान रूप से लागू होगा और किसी को भी सड़क पर आवागमन बाधित करने का अधिकार नहीं है।
सीएम योगी ने कहा कि धार्मिक आयोजन निर्धारित स्थलों पर ही किए जाने चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि किसी स्थान पर नमाजियों की संख्या अधिक हो, तो अलग-अलग पालियों में नमाज अदा की जा सकती है, लेकिन सार्वजनिक सड़कों को जाम नहीं किया जा सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसी धार्मिक गतिविधि या नमाज के खिलाफ नहीं है, बल्कि उसका उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधा बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है और किसी को भी नियमों से ऊपर नहीं माना जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन पहले संवाद के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास करता है, लेकिन यदि नियमों की अनदेखी की जाती है तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम योगी ने आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सड़क जाम होने से मरीजों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी होती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब सार्वजनिक स्थलों पर धार्मिक आयोजनों और गतिविधियों को लेकर देशभर में बहस जारी है।
