- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखीमपुर खीरी
- लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और मैजिक की टक्कर में 10 लोगों की मौत
लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और मैजिक की टक्कर में 10 लोगों की मौत
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर खमरिया थाना क्षेत्र के अदलीसपुर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे मैजिक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था, तभी बहराइच की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही खमरिया पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
क्षेत्राधिकारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। वहीं सीएचसी खमरिया के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह के मुताबिक, मौके से दो महिलाओं और सात पुरुषों के शव अस्पताल लाए गए थे। एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने अब तक मृतकों में जयवीर सिंह, अदनान और पवन की पहचान की है। अन्य मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
