UP Teacher Bharti 2026: यूपी में 11,508 सहायक अध्यापकों और 10 हजार अनुदेशकों की भर्ती की तैयारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बेसिक शिक्षा विभाग राज्य के नगरीय परिषदीय स्कूलों में 11,508 सहायक अध्यापकों के रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 10 हजार अनुदेशकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू किए जाने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार, प्रदेश के सभी 75 जिलों से खाली पदों का विवरण मंगाकर संबंधित आयोग को भेजा जा चुका है। पदों का आंकड़ा अंतिम रूप दिए जाने के बाद जल्द ही भर्ती प्रक्रिया और आवेदन से जुड़ी औपचारिकताएं शुरू की जा सकती हैं।

यह भी पढ़े - नर्सिंग छात्रा को धमकी और मानसिक उत्पीड़न, आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बताया जा रहा है कि इस भर्ती अभियान का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करना है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, यदि छात्र संख्या बढ़ती है तो आगे और पद भी बढ़ाए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दे चुके हैं। ऐसे में लंबे समय से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है।

भर्ती से संबंधित आधिकारिक अधिसूचना, पात्रता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे विभागीय वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.